प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं। उन्होंने देश को काशी से चार नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार सुबह वाराणसी रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उनके साथ सीएम योगी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई नेता मौजदू रहे। जानकारी के लिए बता दें कि ये चार नई वंदे भारत ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी।
इस दौरान उन्होंने कहा, कि दुनियाभर के देशों में आर्थिक विकास का कारण वहां का बुनियादी ढांचा रहा है। जिन देशों ने बहुत प्रगति और विकास देखा है, वहां बुनियादी ढांचे का विकास उनकी प्रगति के पीछे एक बड़ी ताकत रहा है। कितने हवाई अड्डे बने हैं, कितनी वंदे भारत ट्रेनें चली हैं, ये सभी चीजें विकास से जुड़ी हैं।
उन्होंने आगे कहा, कि आज वंदे भारत, नमो भारत, अमृत भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव रख रही हैं। वंदे भारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई एक ऐसी ट्रेन है जिस पर हर भारतीय को गर्व है। आज जिस तरह भारत ने विकसित भारत के लिए अपने संसाधनों को बेहतर बनाने का अभियान शुरू किया है, ये ट्रेनें उसमें मील का पत्थर बनने जा रही हैं।”
बता दें कि ये वंदे भारत एक्सप्रेस धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों को जोड़ेगी, जिसमें वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो शामिल हैं। इस रूट पर वंदे भारत चलने से 2 घंटे 40 मिनट की बचत करेंगी। इससे 443 किमी की दूरी महज 7 घंटे 40 मिनट में पूरा किया जाएगा।
फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
वहीं पंजाब के फिरोजपुर से दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत उस रूट पर चलने वाली सबसे तेज ट्रेन होगी। यह सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में यात्रा पूरी करेगी और फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला जैसे पंजाब के शहरों से दिल्ली को जोड़ेगी। इससे पंजाब के प्रमुख शहरों से दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा।
वहीं बता दें कि आज प्रधानमंत्री मोदी केरल को भी तीसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने जा रहे हैं। यह ट्रेन केरल के एर्नाकुलम से बेंगलुरु तक चलेगी और त्रिशूर, पलक्कड, कोयम्बटूर, तिरुपुर, इरोड, सेलम और कृष्णराजापुरम को कवर करेगी। इससे ट्रेन की शुरुआत होने से यात्रियों का करीब 2 घंटों का समय बचेगा। यह ट्रेन 8 घंटे 40 मिनट में अपना सफर पूरा करेगी।
