लखनऊ पुलिस ने एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर को गोली मारी, मौत

लखनऊ पुलिस

लखनऊ : गोमतीनगर एक्सटेंशन में एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर को पुलिस के दो सिपाहियों ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात शुक्रवार रात 1.30 बजे की है। घटना को लेकर एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि रात में कार सवार को रोकने की कोशिश की गई लेकिन वह भागने लगा। इस दौरान बाइक सवार दोनों पुलिस कर्मियों को टक्कर लग गई। सिपाही ने फायर कर दिया तब तक कार डिवाइडर से टकरा गई। पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि हुई है।

एप्पल कंपनी में काम करने वाली सना कहना है कि शुक्रवार रात करीब 1 : 30 बजे गोमतीनगर इलाके में वह अपने सहकर्मी विवेक उर्फ विनय तिवारी के साथ कार से जा रहीं थी। सीएमएस गोमतीनगर के पास कार खड़ी थी। तभी सामने से सफेद अपाचे सवार दो पुलिसकर्मी आए। कार को रोकने के लिए इशारा किया, जिस वह कार भगाने लगे। तब ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी। सना का कहना है कि विवेक के सिर से खून निकल रहा था। गोली लगने से वह घबराया और गाड़ी भगा दी। तेज रफ़्तार में कार भगाने में कुछ दूर जाकर कार टकरा गई। दोनों पुलिसकर्मी अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग गए। गंभीर हालात में विवेक को लोहिया पहुंचाया गया जहां उनकी मौत हो गई।

लखनऊ पुलिस

बताया जा रहा है कि गोमती नगर के विनयखंड 3 स्थित मकान में मृतक विवेक की सहयोगी सना को उसके घर पर नजर बंद कर दिया है। सना सिपाही द्वारा विवेक को गोली मारे जाने की प्रत्यक्षदर्शी है। पुलिस का कहना है कि सना की सुरक्षा के लिए पुलिस लगाई गई है।

मामले में पुलिस ने दो सिपाही प्रशांत चौधरी और संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं सना की तहरीर पर अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि मौके से विवेक की कार सिपाहियों की बाइक को टक्कर मारते हुए गई थी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। विवेक तिवारी की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। पोस्टमार्टम में उनके सिर में गोली मिली। पोस्टमार्टम हाउस में पुलिस के अफसर काफी देर तक डाॅक्टरों से मंत्रणा करते रहे।