आज जेपी नड्डा करेंगे उत्तराखंड भाजपा की विजय संकल्प यात्रा का शंखनाद

बीजेपी आज से विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। हरिद्वार से विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। यह विजय संकल्प यात्रा हरिद्वार के बाद गढ़वाल की अन्य विधानसभा सीटों में भी जाएगी।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 2022 के चुनाव को लेकर भाजपा ने दो चरणों में आयोजित होने वाली विजय संकल्प यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी कड़ी में आज बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं।

इस यात्रा के दौरान भाजपा डबल इंजन सरकार के कार्यों पर जनता से आशीर्वाद मांगेगी। पूरे प्रदेश में संकल्प यात्रा 4500 किमी की दूरी तय करेगी।

शुक्रवार को रिस्पना पुल स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि 18 दिसंबर से 5 जनवरी 2022 तक पूरे प्रदेश में विजय संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के माध्यम से किए गए विकास कार्यों का लेखा जोखा लेकर जनता के बीच जाऐंगें।