IndiGo ने रद्द करी दिल्ली से उड़ने वाली सभी घरेलू उड़ाने, संकट के पीछे की क्या है असली वजह?

इंडिगो एयरलाइंस ने शुक्रवार को दिल्ली से उड़ने वाली अपनी सभी घरेलू उड़ानों को आज रात 12 बजे तक पूरी तरह रद्द कर दिया है। पिछले चार दिनों में एयरलाइन करीब 400 उड़ानें रद्द कर चुकी है। इसकी वजह क्रू और पायलट की भारी कमी बताई जा रही है।

दिल्ली एयरपोर्ट के संचालक DIAL ने बताया कि इंडिगो को छोड़कर बाकी सभी एयरलाइनों की उड़ानें अपने तय समय पर संचालित हो रही हैं।

DIAL ने सोशल मीडिया पर बताया, “IndiGo की दिल्ली एयरपोर्ट से प्रस्थान करने वाली सभी घरेलू उड़ानें आज रात 23:59 बजे तक रद्द रहेंगी।”

इंडिगो ने DGCA को जानकारी दी है कि उसकी सेवाएं 10 फरवरी तक सामान्य हो जाएंगी। एयरलाइन हाल ही में लागू हुए नए FDTL नियमों की वजह से क्रू की भारी कमी से जूझ रही है। नए नियमों के तहत पायलटों के साप्ताहिक आराम का समय बढ़ा दिया गया है और रात में लैंडिंग की संख्या भी सीमित की गई है।

अब पायलटों को हर हफ्ते लगातार 48 घंटे का रेस्ट देना अनिवार्य है, और नाइट ऑपरेशन में वे अधिकतम 2 लैंडिंग ही कर सकते हैं।

संसद में भी गूँजा इंडिगो संकट

शुक्रवार को संसद में यह मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने इंडिगो के बढ़ते एकाधिकार और इससे आम यात्रियों के साथ-साथ सांसदों को हो रही मुश्किलों पर चिंता जताई।

उन्होंने बताया कि कई सांसदों ने सप्ताहांत में घर जाने के लिए टिकट बुक कर रखे थे, लेकिन उड़ानें रद्द होने से उनकी योजना बिगड़ गई।

तिवारी ने कहा कि एक ही एयरलाइन पर अत्यधिक निर्भरता समस्या पैदा कर रही है। उन्होंने सरकार से पूछा कि हालात कब सुधरेंगे और क्या कोई कदम उठाया जा रहा है।