देहरादून | 02 मार्च, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान राज्य के लाखों बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को बड़ी सौगात दी। सीएम धामी ने डिजिटल माध्यम से एक क्लिक कर फरवरी 2026 माह की पेंशन किश्त के रूप में ₹141.91 करोड़ की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की।
9.57 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
इस वित्तीय वितरण से प्रदेश के कुल 9,57,651 लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह राशि केवल मासिक पेंशन ही नहीं, बल्कि इसमें बकाया (एरियर) का भुगतान भी शामिल है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर आर्थिक संबल प्राप्त हो सके।
प्रमुख योजनाओं का विवरण (फरवरी 2026):
वृद्धावस्था पेंशन: 5,93,184 लाभार्थियों को ₹1500 की दर से ₹8897.76 लाख।
विधवा पेंशन: 2,31,593 लाभार्थियों को ₹1500 की दर से ₹3473.89 लाख।
दिव्यांग पेंशन: 87,477 लाभार्थियों को ₹1500 की दर से ₹1312.15 लाख।
किसान पेंशन: 27,638 लाभार्थियों को ₹1200 की दर से ₹331.65 लाख।
परित्यक्ता पेंशन: 8,096 लाभार्थियों को ₹1200 की दर से ₹97.24 लाख।
अन्य योजनाएं: भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन के तहत भी लाखों की राशि वितरित की गई।
“अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचे लाभ” – मुख्यमंत्री
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरणों के निस्तारण में कोई देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। अधिकारियों को चाहिए कि वे दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाएं ताकि समाज के सबसे कमजोर वर्ग को योजनाओं से जोड़ा जा सके।”
नवाचार और जनसंपर्क पर जोर, सीएम धामी ने विभाग को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों की खोज के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए।
उन्होंने वंचित वर्गों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए नवाचार आधारित प्रभावी कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा है।
बैठक में सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, अपर सचिव संदीप तिवारी, संजय सिंह टोलिया सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
