दिल्ली: भजन-कीर्तन के दौरान हमला, विश्व हिंदू परिषद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

दिल्ली के पंडारा रोड इलाके में भजन-कीर्तन के दौरान हुई एक खतरनाक घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया। कार्यक्रम के दौरान पंडाल में बैठे लोगों पर ऊपर से नारियल, पत्थर और कांच के टुकड़े फेंके गए। इस हमले में 60 वर्षीय महिला मधु मनोचा गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

शनिवार शाम राधा रानी विवाह उत्सव का अंतिम दिन था। एस.पी. मनी के घर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में भजन-कीर्तन चल रहा था। करीब 5 बजे जैसे ही दरबार शुरू हुआ, अचानक पंडाल के ऊपर से एक हरा नारियल गिरा जो सीधे भजन गायक के हाथ पर लगा। उस समय पंडाल में सौ से अधिक लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी फैल गई।

कुछ देर बाद स्थिति और बिगड़ गई। लगभग 5:30 से 5:45 के बीच पंडाल में पत्थर और फिर कांच का गिलास फेंका गया, जो मधु मनोचा के चेहरे पर लगा और वह बुरी तरह घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना स्थल के ठीक पीछे एक कंस्ट्रक्शन साइट है, और आरोप है कि वहीं से ये चीजें फेंकी गईं। पुलिस ने कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले तीन मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। आयोजक एस.पी. मनी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम के दौरान यह हमला लोगों के मन में डर पैदा कर रहा है।

विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर दी और आरोप लगाया कि कार्यक्रम के बगल में स्थित एक इमारत निर्माण स्थल से हमला किया गया। उन्होंने दिल्ली पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की है।