उत्तराखंड सरकार का बड़ा ऐलान: निगम व उपक्रम कर्मचारियों को 11% डीए बढ़ोतरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने कर्मचारियों के हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। सरकार ने निगमों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्तशासी संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों को 11 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) की बढ़ोतरी का लाभ देने का शासनादेश जारी किया है।

हजारों कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

यह बढ़ोतरी 5वें और 6ठे केंद्रीय वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों पर लागू होगी। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को सीधा आर्थिक लाभ होगा। लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

महासंघ ने जताया आभार

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने इस निर्णय का स्वागत किया है। महासंघ का कहना है कि यह कदम न केवल आर्थिक राहत देने वाला है, बल्कि कर्मचारियों के मनोबल को भी बढ़ाएगा। महासंघ ने मुख्यमंत्री धामी, उनकी सरकार और उद्योग सचिव को धन्यवाद दिया।

“धामी सरकार संवेदनशील और प्रतिबद्ध”

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने 11% डीए वृद्धि को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में कार्य के प्रति और अधिक समर्पण आएगा।

भविष्य में भी उम्मीदें

महासंघ के प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी ने कहा कि सरकार समय-समय पर कर्मचारियों की मांगों को पूरा करती रही है। निगमों और उपक्रमों के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी निश्चित रूप से बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि महासंघ सरकार के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगा ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके।